छह साल बाद ऐतिहासिक कचहरी घाट पर फिर गूंजेंगे छठी मैया के जयकारे
ब्रह्मपुत्र के तट पर लौटेगी छठ पूजा की रौनक, आयोजन की खबर से श्रद्धालुओं में खुशी और उत्साह
डिब्रूगढ़। असम के डिब्रूगढ़ स्थित ऐतिहासिक कचहरी घाट पर छह साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर छठ पूजा का आयोजन होने जा रहा है। इस खबर से स्थानीय हिंदीभाषी समाज और छठ व्रतियों में खुशी की लहर है।
ब्रह्मपुत्र नदी में तेज धारा और लगातार कटाव के कारण पिछले कई वर्षों से इस घाट पर छठ पूजा का आयोजन बंद था। अब घाट की स्थिति में सुधार होने के बाद स्थानीय छठ पूजा समिति ने यहां पुनः पारंपरिक आयोजन शुरू करने का निर्णय लिया है।